ग्राम चौपाल में आपका स्वागत है * * * * नशा हे ख़राब झन पीहू शराब * * * * जल है तो कल है * * * * स्वच्छता, समानता, सदभाव, स्वालंबन एवं समृद्धि की ओर बढ़ता समाज * * * * ग्राम चौपाल में आपका स्वागत है

17 अगस्त, 2010

विचार तत्व


स्वामी विवेकानन्द के विचार




मेरी दृढ धारणा है कि तुममें अन्धविश्वास नहीं है। तुममें वह शक्ति विद्यमान है, जो संसार को हिला सकती है, धीरे - धीरे और भी अन्य लोग आयेंगे। 'साहसी' शब्द और उससे अधिक 'साहसी'कर्मों की हमें आवश्यकता है। उठो! उठो! संसार दुःख से जल रहा है। क्या तुम सो सकते हो?



 हम बार - बार पुकारें, जब तक सोते हुए देवता न जाग उठें, जब तक अन्तर्यामी देव उस पुकार का उत्तर न दें। जीवन में और क्या है? इससे महान कर्म क्या है?वत्स, धीरज रखो, काम तुम्हारी आशा से बहुत ज्यादा बढ जाएगा। हर एक काम में सफलता प्राप्त करने से पहले सैंकडो कठिनाइयों का सामना करना पडता है। जो उद्यम करते रहेंगे, वे आज या कल सफलता को देखेंगे। परिश्रम करना है वत्स, कठिन परिश्रम्! काम कांचन के इस चक्कर में अपने आप को स्थिर रखना, और अपने आदर्शों पर जमे रहना, जब तक कि आत्मज्ञान और पूर्ण त्याग के साँचे में शिष्य न ढल जाय निश्चय ही कठिन काम है। जो प्रतिक्षा करता है, उसे सब चीज़े मिलती हैं। अनन्त काल तक तुम भाग्यवान बने रहो।


 प्रायः देखने में आता है कि अच्छे से अच्छे लोगों पर कष्ट और कठिनाइयाँ आ पडती हैं। इसका समाधान न भी हो सके, फिर भी मुझे जीवन में ऐसा अनुभव हुआ है कि जगत में कोई ऐसी वस्तु नहीं, जो मूल रूप में भली न हो। ऊपरी लहरें चाहे जैसी हों, परन्तु वस्तु मात्र के अन्तरकाल में प्रेम एवं कल्याण का अनन्त भण्डार है। जब तक हम उस अन्तराल तक नहीं पहुँचते, तभी तक हमें कष्ट मिलता है। एक बार उस शान्ति-मण्डल में प्रवेश करने पर फिर चाहे आँधी और तूफान के जितने तुमुल झकोरे आयें, वह मकान, जो सदियों की पुरानी  चट्टान पर बना है, हिल नहीं सकता। 00271


14 अगस्त, 2010

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद ही अंतिम विकल्प

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर विशेष
आज हम आजादी की 63 वी वर्षगांठ मना रहे हैं। किसी भी देश के विकास के लिए 63 वर्ष कोई कम नहीं है। वर्षों की गुलामी के बाद 15 अगस्त 1947 को आजाद मातृभूमि पर जब सूरज की पहली किरण पड़ी होगी तो वह दृश्य कितना मनमोहक रहा होगा। चारों तरफ ढोल-नगाडे़ बज रहे होंगे, युवकों की टोलियां मस्तानी नृत्य कर रही होगी। महिलाएं गा-गा कर जश्न मना रही होगी। किसान खेत जाना भूलकर मस्ती में डूब गये होंगे। साहित्यकारों एवं कवियों की लेखनी बंद हो गई होगी। नई सूरज की लालिमा के साथ चिड़ियों का झुंड कलरव करते हुये आजादी के तराने गा रहे होंगे।


गंगा, यमुना, कावेरी, गोदावरी, चंबल व महानदी जैसी असंख्य नदियों के जल की लहरों व सूरज की किरणों की तरंगों का समूह नृत्य-गान के साथ झूम उठा होगा। ताल-तलैयो व झरनों के जल में खुशियों का रंग देखते ही बनता होगा। विंध्य व हिमालय की पर्वतमालाए जिन्होंने आजादी के रक्तरंजित दृश्य को अपनी ऊचाइयों से देखा था पूरे देश को नाचते-झूमते देख कर न जाने कितने प्रसन्न हुये होंगे।


100 करोड़ की आबादी के देश में आज ऐसे कितने लोग बचे हैं जिन्होंने 15 अगस्त 1947 की उस सुनहरे पल को निहारा होगा। जिनका जन्म 1940 या उससे पहले हुआ है उन्हें ही यह सब याद होगा। लेकिन जिन्होंने आजादी की लड़ाई में हिस्सेदारी निभाई,जिन्होंने सीना अड़ाकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया या जिन्होंने अंग्रेजों  को देश छोड़ने के लिए मजबूर किया ऐसे अधिकांश लोग स्वर्ग सिधार चुके हैं। उस पीढ़़ी के जो लोग आज मौजूद है वे आजादी की लड़ाई के जख्मों के दर्द तथा ढलती उम्र की पीडा को तो झेल रहे हैं लेकिन उससे कहीं ज्यादा उन्हें देश की वर्तमान दशा का दर्द हो रहा होगा। देश में बढ़ती अराजकता,आतंकवाद, अलगाववाद, क्षेत्रीयतावाद के साथ-साथ राष्ट्र की संस्कृति की विकृति देखकर उन्हें  रोना आ रहा होगा। उनके मन की वेदना को समझने की आज फुर्सत किसे है ? आजादी मिली हम बढ़ते चले गये आज भी बढ़ते जा रहा है। पूराने इतिहास को भूल कर रोज नया इतिहास गढ़ते चले जा रहे हैं। चलते-चलते 63 वर्षों में ऐसा कोई पड़ाव नहीं आया जब हम थोड़ा ठहर कर सोचते कि हम कहां जा रहे हैं ? हमारी दिशा क्या है ? हमारी मंजिल क्या है ? हमारी मान्यताए व प्राथमिकताए क्या है ?

अंग्रेजी शासन काल में सबका लक्ष्य एक था ”स्वराज” लाना लेकिन स्वराज के बाद हमारा रूप क्या होगा ? हम किस दिशा में आगे बढे़गे ? इस बात पर ज्यादा विचार ही नहीं हुआ। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने 1964 में कहा था कि हमें ”स्व” का विचार करने की आवश्यकता है। बिना उसके ”स्वराज्य” का कोई अर्थ नहीं। स्वतन्त्रता हमारे विकास और सुख का साधन नहीं बन सकती। जब तक हमें अपनी असलियत का पता नहीं तब तक हमें अपनी शक्तियों का ज्ञान नहीं हो सकता और न उनका विकास ही संभव है। परतंत्रता में समाज का ”स्व”दब जाता है। इसीलिए राष्ट्र स्वराज्य की कामना करता हैं जिससे वे अपनी प्रकृति और गुणधर्म के अनुसार प्रयत्न करते हुए सुख की अनुभूति कर सकें। प्रकृति बलवती होती है। उसके प्रतिकूल काम करने से अथवा उसकी ओर दुर्लक्ष्य करने से कष्ट होते हैं। प्रकृति का उन्नयन कर उसे संस्कृति बनाया जा सकता है, पर उसकी अवहेलना नहीं की जा सकती। आधुनिक मनोविज्ञान बताता है कि किस प्रकार मानव-प्रकृति एवं भावों की अवहेलना से व्यक्ति के जीवन में अनेक रोग पैदा हो जाते हैं। ऐसा व्यक्ति प्रायः उदासीन एवं अनमना रहता है। उसकी कर्म-शक्ति क्षीण हो जाती है अथवा विकृत होकर वि-पथगामिनी बन जाती है। व्यक्ति के समान राष्ट्र भी प्रकृति के प्रतिकूल चलने पर अनेक व्यथाओं का शिकार बनता है। आज भारत की अनेक समस्याओं का यही कारण है।

राष्ट्र का मार्गदर्शन करने वाले तथा राजनीतिक के क्षेत्र में काम करने वाले अधिकांश व्यक्ति इस प्रश्न की ओर उदासीन है। फलतः भारत की राजनीति, अवसरवादी एवं सिद्धान्तहीन व्यक्तियों का अखाड़ा बन गई है। राजनीतिज्ञों तथा राजनीतिक दलो के न कोई सिद्धान्त एवं आदर्श हैं और न कोई आचार-संहिता। एक दल छोड़कर दूसरे दल में जाने में व्यक्ति को कोई संकोच नहीं होता। दलों के विघटन अथवा विभिन्न दलों की युक्ति भी होती है तो वह किसी तात्विक मतभेद अथवा समानता के आधार पर नहीं अपितु उसके मूल में चुनाव और पद ही प्रमुख रूप से रहते हैं।

राष्ट्रीय दृष्टि से तो हमें अपनी संस्कृति का विचार करना ही होगा, क्योंकि वह हमारी अपनी प्रकृति है। स्वराज्य का स्व-संस्कृति से घनिष्ठ सम्बंध रहता है। संस्कृति का विचार न रहा तो स्वराज्य की लड़ाई स्वार्थी, पदलोलुप लोगों की एक राजनीतिक लड़ाई मात्र रह जायेगी। स्वराज्य तभी साकार और सार्थक होगा जब वह अपनी संस्कृति के अभिव्यक्ति का साधन बन सकेगा। इस अभिव्यक्ति में हमारा विकास होगा और हमें आनंद की अनुभूति भी होगी। अतः राष्ट्रीय और मानवीय दृष्टियों से आवश्यक हो गया है कि हम भारतीय संस्कृति के तत्वों का विचार करें।

भारतीय संस्कृति की पहली विशेषता यह है कि वह सम्पूर्ण जीवन का, सम्पूर्ण सृष्टि का, संकलित विचार करती है। उसका दृष्टिकोण एकात्मवादी है। टुकड़ों-टुकड़ों में विचार करना विशेषज्ञ की दृष्टि से ठीक हो सकता है, परंतु व्यावहारिक दृष्टि से उपयुक्त नहीं। अग्रेजी शासन की दासता से मुक्ति पाने के बाद हमारी प्राथमिकता आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वतंत्रता होनी चाहिए थी। संस्कृति देश की आत्मा है तथा वह सदैव गतिमान रहती है। इसकी सार्थकता तभी है जब देश की जनता को उसकी आत्मानुभूति हो। विकासशील एंव धर्मपरायण भारत की दिशा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद ही हो सकती है। हमारे सामने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अलावा और कोई बेहतर विकल्प नहीं। स्वतत्रंता की 63वीं वर्षगांठ पर आईये हम सब देश को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की दिशा में ले जाने का संकल्प लें। 00292

वन्दे मातरम ! जय हिन्द !

आजादी की 63वीं वर्षगांठ पर आप सबको बधाई एवं शुभकामनाएँ !

13 अगस्त, 2010

भारत की विश्व को देन

भारत की विश्व को देन


 भारत की आत्मा को समझना है तो उसे राजनीति अथवा अर्थ-नीति के चश्मे से न देखकर सांस्कृतिक दृष्टिकोण से ही देखना होगा। भारतीयता की अभिव्यक्ति राजनीति के द्वारा न होकर उसकी संस्कृति के द्वारा ही होगी। विश्व को भी यदि हम कुछ सिखा सकते हैं तो उसे अपनी सांस्कृतिक सहिष्णुता एवं कर्त्तव्य-प्रधान जीवन की भावना की ही शिक्षा दे सकते हैं, राजनीति अथवा अर्थनीति की नहीं। उसमें तो शायद हमको उनसे ही उल्टे कुछ सीखना पड़े। अर्थ, काम और मोक्ष के विपरीत धर्म की प्रमुख भावना ने भोग के स्थान पर त्याग, अधिकार के स्थान पर कर्त्तव्य तथा संकुचित असहिष्णुता के स्थान पर विशाल एकात्मता प्रकट की है। इनके साथ ही हम विश्व में गौरव के साथ खड़े हो सकते हैं।00304

                                              -  पं. दीनदयाल उपाध्याय

12 अगस्त, 2010

अर्जुन सिंह ने राज को और गहरा दिया ?

अर्जुन सिंह  ने राज  को और गहरा दिया ? 


                                      भोपाल गैस त्रासदी के मुख्य आरोपी यूनियन कार्बाईड के प्रमुख वारेन एंडरसन को भारत से सुरक्षित व बाईज्जत भगाने के मामले  में  तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन  सिह ने लंबे समय बाद राज्यसभा में जब  चुप्पी तोड़ी तो लगा कि वे राज से पर्दा हटायेंगे लेकिन उन्होंने पर्दा हटाने के बजाय राज को और गहरा कर दिया है. दिसंबर 1984 में यूनियन कार्बाइड से जहरीले गैस के रिसने से लाखों लेाग प्रभावित हुये थे । इसके मुख्य आरोपी एंडरसन को बड़े ही नाटकीय ढंग से रिहा कर भोपाल से दिल्ली रवाना किया गया , जहाँ से वे अमेरिका भागने में सफल हो गए . इस मामले में केंद्र व राज्य सरकार का  रवैय्या संदेहास्पद रहा है। अर्जुनसिह ने कहा कि  एंडरसन को  रिहा करने के लिए गृहमंत्रालय का दबाव था लेकिन उन्होंने  यह प्रश्न अनुत्तरित छोड़ दिया कि गृहमंत्रालय पर किसका दबाव था। एंडरसन को रिहा करने के लिए गृहमंत्रालय को सीधे अमरीका से दबाव तो आया नहीं होगा ?वास्तव में अर्जुनसिंह ने राज खोलते-खोलते राज को और गहरा कर दिया है। क्या  अर्जुन सिंह ने गृहमंत्रालय पर आरोप मढ़कर राजीव गांधी पर ही अप्रत्यक्ष तौर से निशाना तो नहीं  साधा है ?

                                        जब गैस त्रासदी हुई तब केन्द्र व राज्य में कांग्रेस की सरकारें थी स्वाभाविक रूप से राज्य व केन्द्र सरकार के सहयोग के बिना एंडरसन   वतन नहीं छोड़ सकता था। एंडरसन के मामले में मिडिया में जो तस्वीरे दिखाई गई उससे साफ जाहिर होता है कि म.प्र. सरकार ने घटना के बाद पूरी इज्जत के साथ एंडरसन की भोपाल से बिदाई की। भोपाल के तत्कालीन कलेक्टर व एस.पी. उसे प्लेन तक छोड़ने गये थे। यह सामान्य सी बात है कि कोई भी कलेक्टर, एस.पी. या अन्य आला अफसर ऊपर के निर्देश के बिना ऐसी गुस्ताखी नहीं कर सकता। कलेक्टर एस.पी को जरूर ऊपर से निर्देश रहा होगा। ये ऊपर वाले तत्कालीन मुख्यमंत्री के अलावा और कौन हो सकते हैं ?लेकिन उनका भी क्या दोष क्योंकि उन्होंने अपने ऊपर वाले   का निर्देश माना। इन ऊपर वालों के चक्कर में एंडरसन ऊपर उड़ गया। भोपाल की जनता त्रासदी झेलती रही।

                                         दिनांक ७ जुन २०१० को अदालत का  फैसला आने के बाद यह मुद्दा पुनः सुर्खियों में आ गया  । अदालत का फैसला आने के बाद पूरे देश की नींद खुली। मिडिया ने भी अपने जागृत होने का प्रमाण दिया। खबरों का निचोड़ ये आने लगा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गाँधी  के दबाव या  निर्देश पर एंडरसन को भोपाल से सुरक्षित दिल्ली पहुचाया होगा।अर्जुनसिहही मिडिया के  मुख्य निशाने पर थे ।सबको इंतजार था केवल अर्जुनसिह के बयान का ।अर्जुन सिंह राजनीति के बहुत ही मंजे हुये खिलाड़ी है। जब वे मुख्यमंत्री थे तब उन्हें राजनीति के चाणक्य की संज्ञा दी गई थी।किसी जमाने में अर्जन सिंह की कांग्रेस में तूती बोलती थी। परिस्थितियां अभी बदली हुई है वे कांग्रेस की राजनीति में इन दिनों हासिये पर चल रहे हैं। यही वजह है कि दिग्विजय सिंह के अलावा कांग्रेस का और कोई बड़ा नेता उसके बचाव में सामने नहीं आया ।  
  
                                        आखिकार    लंबे इंतजार के बाद  अर्जुन सिंह ने 11 अगस्त को राज्य सभा में  चुप्पी  तोड़ी। लोग कयास लगा रहे थे कि अर्जुन सिंह चुप्पी तोड़ कर धमाका करेंगे। जब रहस्य से पर्दा उठेगा तो देश की राजनीति में भूचाल आ जायेगा,लेकिन अर्जुनसिंह ने बड़ी चतुराई से मामले के रहस्य को रहस्य ही रहने दिया. एक बात उन्होंने जरुर स्वीकार की  कि एंडरसन को भोपाल से सुरक्षित भेजने में राज्य सरकार की पूरी भूमिका थी।  लेकिन उन्होंने इस कृत्य केलिए ऊपरकेनिर्देश  का हवाला देकर  घटना की सम्पूर्ण जवाबदारी से मुख मोड़ लिया lअर्जुनसिंह ने स्वीकार किया कि एंडरसन को छोड़ने के लिए गृह मंत्रालय से दबाव आया था। ऐसा कहकर उन्होंने गृहमंत्री नरसिम्हाराव पर सारा दोष मढ़ दिया। अर्जुन सिंह ने बयान देते समय पूरी सतर्कता बरती। उन्होंने इस बात का पूरा ख्याल रखा कि  गांधी नेहरू परिवार पर  पर कोई आंच न आये। हो सकता है कि वे वर्तमान आलाकमान को नाराज नहीं करना चाह रहे होंगे। हम तो मानेंगे कि अर्जुन सिंह ने बड़ी चतुराई से एक तीर से दो निशाना लगाया है। एक तो उन्होंने नरसिम्हाराव पर निशाना साध कर अपने आपको आलाकमान का हमदर्द सिद्ध  करने का प्रयास किया तो दूसरी ओर ऊपर से दबाव कहकर अपने दोष को कम करने का प्रयास किया है। दोषी तो हूँ  लेकिन सम्पूर्ण दोषी नहीं।

                                        अर्जुन सिंह के बयान में सबसे आश्चर्यजनक  बात  यह  है  कि  उन्होंने  जब प्रधानमंत्री राजीव गांधी को गैस त्रासदी तथा एंडरसन की गिरफ्तारी की जानकारी दी तो उन्होंने (राजीव गांधी ने) चुप्पी साध ली। अर्जुनसिंह का यह  कथन इस बात को सिद्ध  करने के लिए पर्याप्त है कि इतनी बड़ी त्रासदी को लेकर देश का तत्कालीन नेतृत्व कितना गंभीर था ? 00295